नामांकन बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी: बुद्धप्रिय सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नामांकन बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी: बुद्धप्रिय सिंह


मुरादाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। प्राथमिक विद्यालय चमरौआ में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक मूंढापांडे द्वारा गुरुवार को स्कूल चलो अभियान पुस्तक वितरण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक बुद्धप्रिय सिंह द्वादश मंडल मुरादाबाद ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कर स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ किया। इस दौरान बुद्धप्रिय सिंह ने कहा कि हम सबकी ज़िम्मेदारी है कि नामांकन बढ़ायें।

एडी बेसिक ने आगे कहा कि आपका ब्लॉक जनपद में अग्रणी श्रेणी में रहा है, उसको आप क़ायम रखें। खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चतुर्वेदी ने कहा हम सबकी ज़िम्मेदारी है हर घर तक पहुँच बनाकर नामांकन बढ़ाएंगे।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि हमारा मूल काम बच्चों को शिक्षा देना है। हम सब इसको ज़िम्मेदारी से निभाएंगे। जिला कोषाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष मूंढापांडेय संजय कुमार सिंह ने अपने संगठन की उपलब्धियां गिनाई। उन्हाेंने यह भी कहा कि हम इस समाज के अंतिम छोर तक जाकर नामांकन में वृद्धि करेंगे। साथ साथ यह भी कहा कि सरकार को चाहिए कि हमें कम से कम अन्य काम न दिए जाएं। मयंक शर्मा ने अपने कविता पाठ से सबका मन मोह लिया। महिमा टंडन ने स्कूल चलो अभियान पर अपनी कविता सुनाई।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story