नवरात्रि तक सड़कें दुरुस्त नहीं हुईं तो जिम्मेदार अफसरों पर होगी कार्रवाई : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि तक सड़कें दुरुस्त नहीं हुईं तो जिम्मेदार अफसरों पर होगी कार्रवाई : सांसद


कानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। नवरात्रि तक शहर की जर्जर सड़कों को हर हाल में दुरुस्त कराया जाए। अब बारिश थम चुकी है, इसलिए काम में किसी तरह की लापरवाही या बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। यह निर्देश कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को सड़क निरीक्षण के दौरान दिए।

बारिश थमने के बाद सांसद रमेश अवस्थी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चुन्नीगंज स्थित शनिदेव मंदिर वाली सड़क का औचक निरीक्षण किया। सड़क की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से गड्ढों और टूटी सड़कों की समस्या झेल रही है। बारिश के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित होने की स्थिति रही, लेकिन अब मौसम साफ होने के बाद सड़क मरम्मत में तेजी लाई जाए।

इसके बाद सांसद ने कानपुर दक्षिण में जूही डिपो से किदवई नगर थाने तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जर्जर सड़क को देखते हुए सांसद ने तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल या सिर्फ खानापूर्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि काम ऐसा होना चाहिए, जिसका असर मौके पर दिखाई दे और लोगों को लंबे समय तक राहत मिले।

सांसद ने कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा अब केवल बैठकों और फाइलों तक सीमित नहीं रहेगी। वह स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जांच करेंगे। संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

,

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा, जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सहायक अभियंता अमित कुमार, अभिनव दीक्षित, उपेंद्र शुक्ला समेत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story