नए श्रम कानूनों से रुबरू हुए रेल कर्मचारी एवं पर्यवेक्षक
मुरादाबाद, 12 अगस्त (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक ठाकुर के संयोजन में बुधवार को उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल के मंडल मुख्यालय स्थित सभागार में भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए श्रम कानूनों पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों को नए श्रम कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मण्डल में वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि सेमिनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) पारितोष गौतम तथा विभिन्न शाखाओं के प्रवर अधीनस्थों एवं पर्यवेक्षकों ने सहभागिता की। मंडल के लगभग 100 रेल कर्मचारियों ने सेमिनार में उपस्थित होकर नए श्रम कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण एवं अद्यतन जानकारी प्राप्त की।
सेमिनार के मुख्य वक्ता सरफराज, श्रम प्रवर्तन अधिकारी (केंद्रीय), बरेली द्वारा नए श्रम कानूनों के विभिन्न प्रावधानों, कर्मचारी कल्याण, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों तथा श्रम कानूनों में किए गए प्रमुख प्रावधानों एवं उनके व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नए श्रम कानूनों से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं एवं प्रश्न मुख्य वक्ता के समक्ष रखे गए, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक समाधान किया तथा संबंधित प्रावधानों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों को नए श्रम कानूनों के प्रति जागरूक करना तथा उनके अधिकारों, दायित्वों और संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी प्रदान करना रहा। इस पहल के माध्यम से कर्मचारियों को श्रम कानूनों में हुए बदलावों को समझने और कार्यस्थल पर उनके प्रभावी अनुपालन के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

