धूमधाम से मनाया भगवान महावीर का जन्मोत्सव, चांदी के रथ पर भगवान महावीर की अष्टधातु की प्रतिमा रही विराजमान
मुरादाबाद, 30 मार्च (हि.स.)। महावीर जयंती महोत्सव समिति मुरादाबाद द्वारा सोमवार को भगवान महावीर जन्म कल्याण उत्सव बहुत ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महावीर जयंती महोत्सव समिति द्वारा निकाली जाने वाली पारंपरिक रथ यात्रा का आयोजन किया गया। चांदी के रथ पर भगवान महावीर के अष्टधातु की प्रतिमा विराजमान थी।
रथ यात्रा जिलाल स्ट्रीट स्थित जैन मंदिर से प्रारंभ होकर मंडी चौक, अमरोहा गेट ,चौमुखा पुल ,टाउन हॉल बाजार गंज, गुरहट्टी, सिविल लाइन चौराहा जैन मंदिर से होते हुए पंचायत भवन सभागार में पहुंची। चांदी के रथ पर भगवान महावीर के अष्टधातु की प्रतिमा विराजमान थी। जिसको की यश जैन पुत्र पंकज जैन लेकर बैठे हुए थे। रथ पर कुबेर के रूप में सजल जैन विराजमान थे। रथ के सारथी प्रवीण है। रथ के चारों कोनों पर चारों इंद्र विराजमान थे। इस रथ को जैन समाज के युवा बच्चे अरिहंत ,वासु, नमन, पर्व आदि नंगे पैर खींच रहे थे।
रथ यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक रितेश गुप्ता उपस्थित रहे। यात्रा का जगह-जगह जैन समाज द्वारा स्वागत किया गया जिसमें सर्वप्रथम आलोक, मुकेश द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जैन ज्वैलर्स के प्रतिष्ठान पर रथ का स्वागत किया गया उसके पश्चात अभिनंदन जैन, अनंत जैन परिवार द्वारा जैन मेटल पर रथ का स्वागत किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

