दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता : विनय उत्तम

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता : विनय उत्तम


कानपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसके लिए विशेष शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों की जरूरतों के अनुसार प्रमाण पत्र, पेंशन और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। यह जानकारी शनिवार को सदर तहसील के मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित विशेष शिविर के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम ने दी।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए यह विशेष शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए एक ही स्थान पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में दिव्यांग बोर्ड के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 16 दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण किया। इनमें आठ दिव्यांगजनों को तत्काल दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए, जबकि शेष आठ को आवश्यक जांच के लिए रेफर किया गया।

इसके अलावा शिविर में दो दिव्यांगजनों का दिव्यांग पेंशन योजना के लिए पंजीकरण किया गया। चार दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकृत किया गया। इनमें ट्राईसाइकिल, स्मार्ट केन और बैसाखी जैसे उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिल सकेगी। वहीं, चार दिव्यांगजनों के आय प्रमाण पत्र भी जारी किए गए, जिससे उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी हो सकेगी।

शिविर में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चिकित्सा विभाग, पूर्ति विभाग, राजस्व विभाग और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। विभिन्न विभागों की मौजूदगी से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर अलग-अलग सरकारी सुविधाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774104 Articles

Share this story