तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार की जा रही कॉम्बिंग : आकांक्षा जैन

WhatsApp Channel Join Now
तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार की जा रही कॉम्बिंग : आकांक्षा जैन


कानपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। तेंदुआ बेहद फुर्तीला होता है और एक जगह पर नहीं रुकता। शोर होने पर उसके आक्रामक होने की आशंका रहती है। इसलिए मौके पर बाहरी लोगों की मौजूदगी कम रखी जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है। जरूरत पड़ने पर तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया जाएगा। यह बातें बुधवार को प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आकांक्षा जैन ने कहीं।

महाराजपुर क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में मंगलवार को तेंदुए ने किसानों और ग्रामीणों पर हमला कर दिया था। इस दौरान नौ लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद से वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है। बुधवार सुबह खेतों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश के लिए कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों में नहीं जाने की अपील की है।

चिड़ियाघर के डॉक्टर नितीश कटियार ने बताया कि जिस स्थान पर तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला किया था, उससे करीब 200 मीटर दूर खेतों में उसके पगचिह्न मिले हैं। बारिश के कारण खेतों की मिट्टी गीली होने से पैरों के निशानों की पहचान और उनका मिलान करने में आसानी हो रही है।

डिप्टी रेंजर विजय कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीम पगचिह्नों के आधार पर तेंदुए की लोकेशन और उसकी गतिविधियों का पता लगा रही है। टीम ट्रैंकुलाइजर गन के साथ कॉम्बिंग कर रही है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा भी तैयार रखा गया है।

डीएफओ आकांक्षा जैन ने बताया कि तेंदुआ शोर होने पर आक्रामक हो सकता है। इसी वजह से बाहरी लोगों को घटनास्थल से दूर रखा जा रहा है। चिड़ियाघर के डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद है। वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए की तलाश कर रही है। जरूरत पड़ने पर उसे ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, सदर रेंज के करीब 10 से 12 वनकर्मी अभियान में लगाए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के साथ भी समन्वय किया गया है, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अफरातफरी न हो।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782777 Articles

Share this story