तापमान में उतार-चढ़ाव से कीट-रोग प्रकोप बढ़ने की आशंका, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
तापमान में उतार-चढ़ाव से कीट-रोग प्रकोप बढ़ने की आशंका, किसानों को सतर्क रहने की सलाह


प्रयागराज, 23 मई (हि.स.)। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव और उमस के कारण जिले की फसलों में कीट एवं रोगों का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। यह जानकारी शनिवार को जिला कृषि रक्षा अधिकारी पुनीत श्रीवास्तव ने दी।

उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे खेतों की नियमित निगरानी करें और शुरुआती लक्षण दिखते ही त्वरित नियंत्रण उपाय अपनाएं। जारी प्रेस-विज्ञप्ति में बताया गया है कि बदलते मौसम में खासतौर पर दलहनी, सब्जी और अन्य मौसमी फसलों पर कीटों का असर बढ़ सकता है। ऐसे में किसानों को प्रभावित पौधों, पत्तियों, फूलों और फलों को तुरंत हटाकर नष्ट करने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।

विभाग ने किसानों को फसल के अनुसार संतुलित छिड़काव, अनुशंसित मात्रा में दवाओं के प्रयोग और विशेषज्ञ सलाह के आधार पर ही उपचार करने को कहा है। यह भी कहा गया है कि कीट-रोग नियंत्रण के लिए खेत में समय-समय पर निरीक्षण, साफ-सफाई और जरूरत पड़ने पर जैविक व रासायनिक उपायों का संयोजन अपनाया जाए।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने कहा कि समय रहते सावधानी बरतने से किसानों को नुकसान से बचाया जा सकता है और फसलों की उत्पादकता पर सकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी तरह की समस्या होने पर कृषि विभाग से संपर्क करें और बिना सलाह के दवाओं का प्रयोग न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story