तकनीक के सकारात्मक उपयोग से कर सकते हैं विकास : अशोक मेहता

WhatsApp Channel Join Now
तकनीक के सकारात्मक उपयोग से कर सकते हैं विकास : अशोक मेहता


तकनीक के सकारात्मक उपयोग से कर सकते हैं विकास : अशोक मेहता


प्रयागराज, 28 अप्रैल (हि.स.)। बदलते समय के साथ तकनीक का सही और सकारात्मक सदुपयोग करके ही हम अपना वास्तविक विकास कर सकते हैं। यह बातें मंगलवार को सीएमपी में 'त्रिवेणी संगम': मूट कोर्ट, 'सक्सेस मंत्र' कार्यशाला और न्यायिक टॉपर्स का भव्य सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते यह बतौर मुख्य वक्ता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता अशोक मेहता ने कहीं।

उन्होंने जीवन में पारिवारिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को समझाया कि बदलते समय के साथ तकनीक का सही और सकारात्मक सदुपयोग करके ही हम अपना वास्तविक विकास कर सकते हैं।

चौधरी महादेव प्रसाद (सी.एम.पी.) डिग्री कॉलेज के विधि संकाय में मंगलवार को कार्यक्रमों की एक शानदार 'त्रिवेणी' का आयोजन हुआ। जी.एन. वर्मा इंटरनेशनल मूट कोर्ट हॉल में 'सक्सेस मंत्र' पर राष्ट्रीय कार्यशाला, इंट्रा-फैकल्टी मूट कोर्ट प्रतियोगिता और 'प्रतिभा सम्मान समारोह' संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे, विधि संकाय संयोजक प्रो. शिव शंकर सिंह और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से किया गया।

न्यायिक सेवा की टॉपर्स का सम्मान

समारोह में राजस्थान और छत्तीसगढ़ पीसीएस जे में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कॉलेज की छात्रा मधुलिका यादव और अंजुम आरा को सम्मानित किया गया। दोनों मेधावियों ने छात्रों को निरंतर अभ्यास और बिना शॉर्टकट के कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे ने इस सफलता पर गर्व जताते हुए मूट कोर्ट सोसाइटी को और आधुनिक बनाने का आश्वासन दिया।

मूट कोर्ट में गूंजा 'संविधान का मूल ढांचा'

'केशवानंद भारती केस' पर आधारित मूट कोर्ट प्रतियोगिता में छात्रों ने शानदार कानूनी दलीलें पेश कीं। मूट कोर्ट के जज के रूप में पधारे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के केंद्रीय जन सूचना अधिकारी डॉ हरिबंश सिंह ने कहा कि सफल अधिवक्ता बनने के लिए कानून को रटने के बजाय 'संविधान के मूल ढांचे' और उसकी आत्मा को समझना सबसे ज्यादा जरूरी है।

सीएमपी के डीएसडब्ल्यू प्रो. रजत श्रीवास्तव, मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी संक्षेप में छात्रों को सकारात्मक विचारों, आत्मविश्वास और निरंतर अध्ययन के माध्यम से सफल जीवन के निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अतिथियों का औपचारिक स्वागत विधि विभाग के संयोजक प्रो. शिव शंकर सिंह ने किया। इस पूरे आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले आयोजक डॉ. आर.डी. किशोर ने अंत में सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए,मूट कोर्ट विजेता सुकृति जायसवाल एवं टीम को घोषित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story