डॉक्टर डे पर चिकित्सकों ने लिया चित्रकूट की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
डॉक्टर डे पर चिकित्सकों ने लिया चित्रकूट की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का संकल्प


चित्रकूट, 01 जुलाई (हि.स.)। जनपद के मातृ एवं शिशु हॉस्पिटल खोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. महेंद्र कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग ने बड़े धूमधाम के साथ डॉक्टर डे मनाया गया। जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिये सरकारी और प्राइवेट चिकित्सकों ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि डॉक्टर्स का सम्मान कैसे अक्षुण्ण बनाये रखें इस पर सभी चिकित्सकों को आत्मचिंतन करना चाहिये। अपने दायित्वों व कर्तव्यों का निर्वाह निष्ठा और ईमानदारी से मरीजों की सेवा पूरी क्षमता और योग्यता से करें, तभी आपका सम्मान बरकरार रहेगा।

सीएमओ ने कहा कि समय से आईये समय से जाइये, टेंशन न पालें और रोज मुस्कुराईये जरूर। क्योंकि डॉक्टर अपने लिये समय नहीं निकालते, वह हमेशा दूसरे की परवाह तो करता है पर खुद के प्रति लापरवाह होना ठीक नहीं। प्रतिदिन खुद के लिये एक घंटा समय जरूर निकालें और व्यायाम करें और मुस्कुरायें। ध्येय होना चाहिये कि पूरा चित्रकूट जनपद रोग मुक्त होना चाहिये। सरकार की योजनाओं को धरातल में उतारें और गर्व से कहिये कि हम चिकित्सक हैं। सीएमओ ने कहा कि हर डॉक्टर अपने को अपडेट जरूर रखें जो चिकित्सक शासकीय कार्यों में हैं उन्हें भी अपनी विद्या को जीवन्त रखने के लिये इलाज जरूर करना चाहिये।

खोह हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. ओपी भास्कर ने कहा कि जन मानस की अपेक्षाओं में खरा उतरने के लिये हमें पूरी योग्यता के साथ मरीज का इलाज करना चाहिये। सबसे जरूरी है कि मरीज और तीमारदारों से वार्तालाप बहुत ही सहज होना चाहिये। सद्व्यवहार के साथ मरीज की बात को ध्यान से सुनेंगे तो उसकी 90 प्रतिशत बीमारी दूर हो जाती है। डॉक्टर को धरती का भगवान कहा गया है,इसी अपेक्षा पर खरा उतरने का प्रयास करें। सीएमओ ने सभी लोगों से मिलकर चित्रकूट जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का आह्वान किया ।

आईएमए के जिलाध्यक्ष डाॅ. सुधीर अग्रवाल ने कहा कि हमें आज प्रसन्नता है कि सीएमओ की मौजूदगी में यह समारोह का आयोजन हुआ। इससे हम सबका उत्साह बढा है। डॉ0 ष्षषांक अग्रवाल ने सीएमओ डॉ0 महेन्द्र कुमार त्रिपाठी की इस पहल का स्वागत करते हुये कहा कि आज हमें लगा कि जिले मे हमारा कोई संरक्षक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

Share this story