ट्रोनिका सिटी में हरित पट्टी पर बनी अवैध मजार काे प्रशासन ने कराया ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now
ट्रोनिका सिटी में हरित पट्टी पर बनी अवैध मजार काे प्रशासन ने कराया ध्वस्त


गाजियाबाद, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी मे हुई सूर्या हत्याकांड के बाद जिले में अवैध रूप से किए गए धार्मिक स्थलों के निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। रविवार को ट्रोनिका सिटी में हरित पट्टी पर बनी अवैध मजार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

ट्रोनिका सिटी के सी-1 सेक्टर में अवैध रूप से मजार बनाई गई थी। हरित पट्टी के क्षेत्र पर कब्जा कर एक मजार और इसके साथ एक कमरा बना था। मजार पर जनवरी 2026 में ही यूपीसीडा ने नोटिस चस्पा किया था कि इसे हटाकर जमीन छोड़ दें। ऐसा न होने पर बुलडोजर चलाया जाएगा, लेकिन मजार नहीं हटाई गई। यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक सिविल एनके जैन ने बताया कि नोटिस का जवाब न देने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मजार का निर्माण बिना अनुमति के किया गया था। यूपीसीडा व उपजिलाधिकारी के निर्देशन में मजार की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। वहीं लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जे के लिए बनाए गए निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

आसपास के लोगों का कहना था कि यह मजार करीब 15 साल पहले बनाई गई थी, जबकि यूपीसीडा का कहना है कि साल 2017 में मजार का पता चला। इसके बाद कभी भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसे तोड़ने में नौ साल लग गए। इसके अलावा ट्रोनिका सिटी में ही दो और अवैध मजार हैं। बीते दिनों यूपीसीडा ने बी-1 सेक्टर स्थित अवैध मजार के संचालक के खिलाफ ट्रोनिका सिटी में मुकदमा भी दर्ज कराया था। यहां मजार के नाम पर 1500 वर्गमीटर जमीन पर कब्जा किया हुआ है। वहीं सी-8 सेक्टर में भी एक मजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story