झांसी में फिर बिगड़ा मौसम,धूलभरी आंधी और बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता

WhatsApp Channel Join Now
झांसी में फिर बिगड़ा मौसम,धूलभरी आंधी और बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता


झांसी, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में तीन दिनों के भीतर दूसरी बार मौसम ने अचानक करवट बदली है। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे तेज धूलभरी आंधी के साथ आसमान में काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा सा माहौल बन गया। कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई, जो लगभग 15 मिनट तक जारी रही। इस बदलाव से जहां एक ओर जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।

जिले में मंगलवार सुबह तक तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ था, लेकिन दोपहर होते-होते 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने लगीं। अचानक चली आंधी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और सड़कों पर धूल का गुबार छा गया। इसके बाद हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई।

इससे पहले 4 अप्रैल को भी जिले में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। महानगर के साथ-साथ मोठ और समथर क्षेत्र के कई गांवों में ओले गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचा था। उस दिन के बाद मौसम साफ हो गया था, लेकिन एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिला है।

मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है, जबकि मंगलवार को तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

भरारी कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से क्षेत्र में आंधी, बारिश और बादल छाने की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 8 और 9 अप्रैल को भी आंधी, तेज बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story