जनस्वास्थ्य और स्वच्छता कार्यों में शिथिलता न बरतें अधिकारी : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत जनस्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी तरह की शिथिलता न बरते और चिन्हित क्षेत्रों में नियमित रूप से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार को अधिकारियों को दिए।
नगर आयुक्त के निर्देश पर कानपुर नगर निगम ने विशेष फॉगिंग अभियान चलाया। जोन-एक से जोन-छह तक 38 चिन्हित स्थलों और विभिन्न बस्तियों में फॉगिंग कराई गई। मच्छरजनित रोगों की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों के साथ आवासीय इलाकों में भी फॉगिंग को प्राथमिकता दी गई। अभियान के दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और फॉगिंग कार्य का पर्यवेक्षण किया। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत जनस्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी कार्य लगातार प्रभावी ढंग से किए जाएं। चिन्हित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार नियमित फॉगिंग और अन्य निरोधात्मक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम के अनुसार, आगामी दिनों में भी फॉगिंग के साथ अन्य स्वच्छता और जनस्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां जारी रहेंगी। अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

