जनपद संभल में 1,100 बीघा झील का जीर्णोद्धार शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जनपद संभल में 1,100 बीघा झील का जीर्णोद्धार शुरू


जनपद संभल में 1,100 बीघा झील का जीर्णोद्धार शुरू


संभल, 02 जून (हि.स.)। जनपद संभल में झीलों और तालाबों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर 1100 बीघा की एक विशाल झील के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। इसमें से 225 बीघा हिस्से का सौंदर्याकरण कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के तहत किया जाएगा।

यह पहल संभल तहसील के मदापुर भारतल गांव में की गई है। मंगलवार को संभल की उपजिलाधिकारी निधि पटेल, नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल, राजस्व टीम और यारा फर्टिलाइजर कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। शाम को विधि-विधान से पूजन के बाद सौंदर्यीकरण का कार्य विधिवत शुरू किया गया।

एसडीएम निधि पटेल ने बताया कि सीएसआर के तहत कंपनियों का यह दायित्व है कि वे जिन सामाजिक संसाधनों का उपयोग करती हैं, उसके बदले समाज को कुछ प्रतिफल दें। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई शासन के मूल उद्देश्य को पूरा करने में सहायक होगी, जिसका लक्ष्य जल निकायों को संरक्षित करना है।

एसडीएम ने आगे बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य सभी जल निकायों को संरक्षित करना और उनके मूल स्वरूप को बहाल करना है। यदि कोई जल निकाय समतल हो गया है या उस पर अवैध कब्जा है, तो उसका चिन्हांकन कर उसे उसके वास्तविक स्वरूप में वापस लाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 1100 बीघा की इस झील में से 225 बीघा का हिस्सा यारा फर्टिलाइजर कंपनी को सीएसआर फंड के तहत सौंदर्यीकरण के लिए दिया गया है। शेष 875 बीघा झील का उपयोग मछली पालन के लिए किया जाएगा। इस पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर भी सृजित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar

Share this story