चिलुआताल में अवैध कच्ची शराब का भंडाफोड़, तीन महिलाएं गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चिलुआताल में अवैध कच्ची शराब का भंडाफोड़, तीन महिलाएं गिरफ्तार


गोरखपुर, 22 जून (हि.स.)। चिलुआताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने साेमवार काे अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 20 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब, नौसादर, भट्टी और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत चेकिंग के दौरान सिक्टौर गांव की रहने वाली सविता, सरीता और नीतू को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इनके पास से 04 प्लास्टिक केन में भरी करीब 20 लीटर कच्ची शराब, 500 ग्राम नौसादर, 03 भट्टियां और शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर क्षेत्र में बेचने का काम कर रहा था। बरामदगी के आधार पर थाना चिलुआताल में धारा 60(2) आबकारी अधिनियम और 274 भा.न्या.सं. के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्ताओं में सविता के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य दोनों के विरुद्ध भी पूर्व में मामले सामने आ चुके हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story