चंदौसी, बरेली, योगनगरी ऋषिकेश, शाहजहांपुर, देहरादून रेलवे स्टेशनों पर हुए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
चंदौसी, बरेली, योगनगरी ऋषिकेश, शाहजहांपुर, देहरादून रेलवे स्टेशनों पर हुए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम


चंदौसी, बरेली, योगनगरी ऋषिकेश, शाहजहांपुर, देहरादून रेलवे स्टेशनों पर हुए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम


मुरादाबाद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM-2026) के अंतर्गत मुरादाबाद रेल मंडल के चंदौसी, बरेली, योग नगरी ऋषिकेश, शाहजहांपुर एवं देहरादून रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता, रेल जनसंवाद एवं रेल जन युवा संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि आज इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों, युवाओं, रेलवे कर्मचारियों, स्टॉल वेंडर्स, साइड पेंट्री कार वेंडर्स, स्टेशन फूड ऑपरेटर्स एवं रेल सफाई मित्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

चंदौसी रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम :

चंदौसी रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत यात्रियों से स्टेशन की स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, शौचालयों की साफ-सफाई तथा यात्री सुविधाओं (Passenger Amenities) के संबंध में संवाद किया गया। इस दौरान पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रतीक्षालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं पर यात्रियों के सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया कि इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रियों, युवाओं, रेलवे कर्मचारियों एवं संबंधित सेवा प्रदाताओं की सहभागिता बढ़ाकर स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करना, कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना तथा रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर यात्री सुविधाओं का वातावरण प्रोत्साहित करना रहा।

बरेली एवं शाहजहांपुर रेलवे स्टेशनों पर रेल युवा संवाद कार्यक्रम :

बरेली एवं शाहजहांपुर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों, युवाओं एवं रेलवे कर्मचारियों की सहभागिता से रेल युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए इसके उपयोग से बचने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता जागरूकता अभियान :

योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा स्टेशन पर स्थित स्टॉल वेंडर्स, साइड पेंट्री कार वेंडर्स एवं रेल सफाई मित्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके प्रयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया।

देहरादून रेलवे स्टेशन पर रेल जन युवा संवाद कार्यक्रम :

देहरादून रेलवे स्टेशन पर सोमवार को स्वच्छता पखवाड़ा 2026 एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM-2026) के अंतर्गत रेल जन युवा संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्टेशन फूड ऑपरेटर्स, रेल सफाई मित्रों एवं रेलवे यात्रियों ने सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759806 Articles

Share this story