गर्भस्थ शिशु के मानसिक विकास के लिए सकारात्मक सोच आवश्यक
महापौर ने किया “गर्भ संस्कार” पुस्तक का विमोचन
लखनऊ, 05 अप्रैल (हि.स.)। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने रविवार को एक होटल में प्रख्यात स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा गंगवार की लिखित पुस्तक “गर्भ संस्कार” का विमोचन किया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक महिलाओं को अवश्य पढ़नी चाहिए। यह पुस्तक गर्भावस्था के दौरान न केवल मातृत्व की यात्रा को संजोने का माध्यम बनेगी, बल्कि गर्भवती महिलाओं के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
पुस्तक की लेखिका डॉ. ऋचा गंगवार ने कहा कि गर्भ संस्कार पुस्तक प्राचीन भारतीय ज्ञान और आधुनिक विज्ञान का समन्वय प्रस्ततु करती है। इसमें गर्भावस्था के प्रत्येक चरण के लिए आहार, योग, ध्यान, मंत्र और सकारात्मक सोच के बारे में बताया गया है। उन्होंने कहा स्वस्थ और संस्कारित समाज की नींव गर्भ से ही रखी जाती है और यही संदेश इस पुस्तक के माध्यम से व्यापक रूप से समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। विमोचन समारोह से पहले पुस्तक की लेखिका डॉ. ऋचा गंगवार और डा.के.पी.मल्ल ने जनभवन जाकर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पुस्तक भेंट की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के निदेशक डॉ. सी.एम. सिंह एवं एमएलसी अवनीश सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता मेघा नागर, आनन्द दुबे, आलोक वर्मा, डॉ. सुचिता चतुर्वेदी, डॉ. ऋचा राजपूत, डॉ. कुमुद श्रीवास्तव, डीएम कटियार, सत्येंद्र पीएस, प्रो. मनीष हिन्दवी, दीपक मल्ल, धनंजय शुक्ला, अमरदीप त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

