गजेंद्र सिंह धामा बने रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 के डिस्ट्रिक्ट लर्निंग फैसिलिटेटर
मुरादाबाद, 28 अगस्त (हि.स.)। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुरादाबाद निवासी डॉ. काव्य सौरभ रस्तोगी ने रोटरी के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एडवोकेट गजेंद्र सिंह धामा को रोटरी वर्ष 2027–28 के लिए शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट लर्निंग फैसिलिटेटर (मंडलीय ट्रेनर) नियुक्त किया है। यह उनकी सातवीं ट्रेनर नियुक्ति है। इस नियुक्ति से पूरे डिस्ट्रिक्ट में हर्ष का वातावरण है। रोटेरियंस ने इसे अनुभवी नेतृत्व और नई पीढ़ी के नेतृत्व के उत्कृष्ट समन्वय का प्रतीक बताया है।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट डॉ. काव्य सौरभ रस्तोगी ने कहा कि गजेंद्र सिंह धामा रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 के सशक्त स्तंभों में से एक हैं। अपने गवर्नर कार्यकाल में उन्होंने दूरदर्शी नेतृत्व, अनुकरणीय सेवा कार्यों और प्रभावी योजनाओं के माध्यम से डिस्ट्रिक्ट को नई पहचान प्रदान की। वर्ष 2000 में आयोजित उनकी डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल तथा सुप्रीम कोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश ने सहभागिता की थी। उन्हें शिकागो और अर्जेंटीना में बेस्ट गवर्नर तथा बेस्ट कॉन्फ्रेंस के सम्मान से भी नवाजा गया।
उन्होंने विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दुर्गम एवं पिछड़े क्षेत्रों में अनेक सेवा एवं विकास परियोजनाओं का नेतृत्व किया, जिनसे हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। वर्ष 1981 में रोटरी से जुड़े धामा लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित रहे हैं। वे मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री एवं अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्ष 1973 से वकालत के क्षेत्र में सक्रिय एडवोकेट गजेंद्र सिंह धामा वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में भी कार्यरत हैं।
डॉ. काव्य सौरभ ने कहा कि सातवीं बार ट्रेनर की जिम्मेदारी संभाल रहे एडवोकेट गजेंद्र सिंह धामा का विशाल अनुभव, रोटरी के सिद्धांतों के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और सेवा के प्रति समर्पण आने वाले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट टीम के लिए अमूल्य मार्गदर्शन सिद्ध होगा। उनके मार्गदर्शन से टीम में बेहतर समन्वय, एकता और नेतृत्व क्षमता विकसित होगी तथा डिस्ट्रिक्ट 3100 को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ललित मोहन गुप्ता, अशोक गुप्ता, डी.के. शर्मा, राजीव सिंघल, दीपक बाबू, संजय रस्तोगी, राजीव गोयल, विवेक गोयल, अभिषेक अग्रवाल, मनोज रस्तोगी, राजीव अग्रवाल एवं देवेंद्र शर्मा सहित अनेक रोटेरियंस ने एडवोकेट गजेंद्र सिंह धामा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

