कैटरिंग कारोबार की समस्याओं के समाधान को सामूहिक प्रयास जरूरी : देवेंद्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
कैटरिंग कारोबार की समस्याओं के समाधान को सामूहिक प्रयास जरूरी : देवेंद्र गुप्ता


कानपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कैटरर्स एसोसिएशन (कानपुर जोन) का विराट सम्मेलन, आमसभा और शपथ ग्रहण समारोह नौ अक्टूबर को मर्चेंट चैम्बर हाल में होगा। सम्मेलन में कैटरिंग एवं आयोजन कारोबार से जुड़ी समस्याओं, व्यवसाय के व्यवस्थित विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों पर मंथन किया जाएगा। यह जानकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन दोपहर दो बजे से शुरू होगा। इसमें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, सांसद रमेश अवस्थी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कानपुर नगर और देहात के अलावा उन्नाव, लखनऊ, फतेहपुर, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद समेत विभिन्न जिलों के कैटर्स सम्मेलन में शामिल होंगे।

महामंत्री अभिषेक तिवारी ने कहा कि कैटरिंग कारोबार से जुड़े व्यवसायियों की समस्याओं को व्यक्तिगत स्तर पर देखने के बजाय संगठन के माध्यम से संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा। भुगतान संबंधी समस्याओं के साथ लाइसेंस, यातायात और पुलिस से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय के लिए भी प्रयास किया जाएगा। संगठन सदस्यों के हित में प्रशिक्षण, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना सुरक्षा, बीमा, व्यावसायिक सहयोग और सामूहिक खरीद जैसी सुविधाओं की दिशा में काम करेगा।

कोषाध्यक्ष शिवनाथ कश्यप ने कहा कि कैटरिंग व्यवसाय में गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना जरूरी है। सदस्यों के सुझावों के आधार पर संगठन की भावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। सम्मेलन में व्यवसायियों से भुगतान और अन्य व्यावसायिक समस्याओं पर सुझाव लिए जाएंगे।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि भोजन उपलब्ध कराने का काम केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने, भोजन की बर्बादी रोकने और आवश्यकता के समय अन्न सेवा के जरिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम है। संगठन की ओर से 24 घंटे हेल्पलाइन शुरू करने की रूपरेखा पर भी चर्चा की जाएगी।

प्रेसवार्ता में संरक्षक सुरेश गुप्ता, अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, महामंत्री अभिषेक तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सदन झा, पवन साहू, बउवा महाराज, गौरव गुप्ता, संजू यादव, रोबिन्स वर्मा, प्रियांशु गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story