केजीएमयू में जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
केजीएमयू में जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन


लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के अवसर पर बुधवार को एक भव्य जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। वॉकथॉन का शुभारंभ विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति प्रो. अंजू अग्रवाल ने प्रशासनिक भवन के समक्ष हरी झंडी दिखाकर किया गया।

वॉकथॉन प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर ओपीडी भवन तथा गांधी मेमोरियल एवं संबद्ध चिकित्सालयों के विभिन्न परिसरों से गुजरते हुए कलाम सेंटर पर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी पोस्टर एवं बैनर लेकर एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग को रोकने, संक्रमण की रोकथाम तथा एएमआर के खतरे से बचाव के संदेश दिए। पूरे मार्ग में लगाए गए जागरूकता नारों ने मरीजों, तीमारदारों एवं राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया।

माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. शीतल वर्मा ने बताया कि इसका उद्देश्य चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बढ़ते खतरे तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

उन्होंने बताया कि विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह प्रतिवर्ष 18 से 24 नवंबर तक विश्व स्तर पर मनाया जाता है। इसका उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।

इस अवसर पर उप-अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. विमला वेंकटेश, कार्यवाहक अधिष्ठाता, दंत चिकित्सा संकाय प्रो. नंदलाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. के. ओझा, मुख्य कुलानुशासक प्रो. आर. ए. एस. कुशवाहा, नर्सिंग संकाय की अधिष्ठाता प्रो. अमिता पांडेय तथा श्वसन चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत त्रिपाठी उपस्थित रहे।

इस जागरूकता अभियान में लगभग 400 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थी, शोधार्थी, स्वास्थ्यकर्मी तथा विश्वविद्यालय के अन्य कर्मचारी शामिल थे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story