औरैया: विद्यालय में पौधारोपण के साथ चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
औरैया: विद्यालय में पौधारोपण के साथ चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता आयोजित


औरैया, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में वन विभाग तथा जिला गंगा समिति की ओर से स्वच्छता ही सेवा एवं वन्य जीव सप्ताह के तहत पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में माध्यमिक विद्यालय बरमूपुर में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और हरित क्षेत्र के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है।

कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीवों की सुरक्षा, स्वच्छता, नदियों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वन विभाग एवं जिला गंगा समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित वन्य जीव और समृद्ध हरित क्षेत्र स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला गंगा समिति के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story