औरैया में सम्मानित किए गए ग्राम प्रहरी, एसपी और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में सम्मानित किए गए ग्राम प्रहरी, एसपी और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह


औरैया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद की रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार को ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बरेली में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। जिले में आयाेजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में जनपद के ग्राम प्रहरियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। गांवों में होने वाली अप्रिय घटनाओं, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य समस्याओं की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने में ग्राम प्रहरी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

उन्होंने ग्राम प्रहरियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका सराहनीय है। उन्होंने सभी ग्राम प्रहरियों को निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही समारोह में शामिल ग्राम प्रहरियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक औरैया सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story