औरैया : नष्ट पौधों के स्थान पर रोपे नए पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : नष्ट पौधों के स्थान पर रोपे नए पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प


औरैया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. की ओर से पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थानों को क्लीन व ग्रीन रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत रविवार को जेसीज चौराहा और मंगला काली मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान नष्ट हो चुके पौधों के स्थान पर नए पौधे रोपित कर उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लिया गया।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में रविवार सुबह सात बजे पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद मंगला काली मंदिर परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विचार गोष्ठी हुई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के साथ ही पृथ्वी पर विचरण करने वाले पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं के जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधों के बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इनसे प्राणवायु के साथ अनेक दुर्लभ औषधियां प्राप्त होती हैं, जबकि पशु-पक्षियों को आश्रय और भोजन भी पेड़-पौधों से ही मिलता है।

पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु) और समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

समिति के संस्थापक ने बताया कि जीवनधारा पौधारोपण अभियान के अंतर्गत अब तक 5100 पौधे रोपे गए हैं। पौधों की देखभाल के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर अज्ञात कारणों से कुछ पौधे नष्ट हो गए हैं। इसके लिए देवकली स्थित पीएसी शिविर समेत अन्य स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। जहां पौधे नष्ट हुए हैं, उन स्थानों को चिन्हित कर दोबारा नए पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधों की सलामती के लिए उनकी व्यापक देखभाल और सुरक्षा का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

इस दौरान डॉ. शिवकुमार सोनी, किराना व्यवसायी विनय पोरवाल, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु), समाजसेवी एलएन गुप्ता, राम आसरे गुप्ता, रामचंद्र सोनी, सिमरन, विकास श्रीवास्तव, राजीव पोरवाल (रानू), मोहित तिवारी और संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता समेत अन्य पर्यावरण योद्धा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story