एआई के साथ विकास की नई राह पर पीयू : प्रो. राकेश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
एआई के साथ विकास की नई राह पर पीयू : प्रो. राकेश सिंह


एआई के साथ विकास की नई राह पर पीयू : प्रो. राकेश सिंह


जौनपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत शनिवार रात कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंथन-2.0 में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की टीम ने सहभागिता की। इस अवसर पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के समक्ष विश्वविद्यालय का प्रस्तुतिकरण किया। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, स्वास्थ्य और सुशासन के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

कुलपति ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि एआई के माध्यम से उच्च शिक्षा को अधिक प्रभावी, नवाचारपरक और तकनीक आधारित बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में एआई के उपयोग तथा विश्वविद्यालय में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने छात्रावास सुविधाओं के विस्तार, खेलकूद को बढ़ावा देने, इंटरनेट सुविधाओं को सुदृढ़ करने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी पहलों की जानकारी दी। प्रस्तुतिकरण में क्षय रोगियों के सहयोग और जागरूकता, किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण, सौ सप्ताह के नशामुक्ति अभियान, सेवा पखवाड़े तथा बाल संरक्षण गृह से संबंधित कार्ययोजना भी शामिल रही।

कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने एआई के माध्यम से शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, स्वास्थ्य और सुशासन को नई दिशा देने पर विचार साझा किए। उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच एआई आधारित सहयोग और नवाचार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति के नेतृत्व में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. सौरभ पाल, डॉ. विक्रान्त भटेजा, डॉ. सुनील यादव और दिलीप कुमार यादव ने प्रतिभाग किया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story