उर्वरक दुकानों पर प्रशासन की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
उर्वरक दुकानों पर प्रशासन की छापेमारी


23 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 6 नमूने जांच को भेजे

हमीरपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराने तथा नकली एवं अमानक उर्वरकों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले भर में कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 23 उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया, जबकि विभिन्न प्रकार के 06 उर्वरकों के नमूने जांच के लिए संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उपनिदेशक कृषि प्रमोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि तहसील हमीरपुर में तहसीलदार एवं जिला कृषि अधिकारी की संयुक्त टीम ने तीन उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और तीन नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तहसील सरीला में आठ उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान दो प्रतिष्ठान बंद मिले, जिस पर संबंधित संचालकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं तहसील राठ में छह तथा तहसील मौदहा में छह प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। मौदहा क्षेत्र से तीन उर्वरकों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक बिक्री पर किसानों को अनिवार्य रूप से कैश मेमो उपलब्ध कराया जाए। साथ ही स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर और रेट बोर्ड को अद्यतन रखा जाए तथा शासन की ओर से निर्धारित सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उपनिदेशक कृषि ने बताया किे किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और खरीदारी के समय कैश मेमो अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने किसानों को किसी भी प्रकार के प्रलोभन या भ्रम में आकर अनधिकृत अथवा संदिग्ध स्रोतों से उर्वरक न खरीदने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न कंपनियों के उर्वरकों में समान गुणवत्ता तत्व उपलब्ध होते हैं, इसलिए किसी विशेष ब्रांड के नाम पर भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि जनपद में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सभी स्थानों पर निर्धारित दरों पर बिक्री सुनिश्चित कराई जा रही है। कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं तथा कहीं भी अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story