इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हादसा, कांवड़ लेने जा रहे 7 कांवड़िए घायल

WhatsApp Channel Join Now
इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हादसा, कांवड़ लेने जा रहे 7 कांवड़िए घायल


बागपत, 02 अगस्त (हि.स.)। बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर रविवार को हादसा हो गया। हिलवाड़ी गांव के पास एक फॉर्च्यूनर कार ने कांवड़ियों से भरी स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दिल्ली के नजफगढ़ निवासी सात कांवड़िए घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी कांवड़िए स्कॉर्पियो से हरिद्वार जल लेने जा रहे थे और गाड़ी में कांवड़ का ढांचा भी बंधा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बड़ौत मंडी चौकी पुलिस और एंबुलेंस टीम पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। कांवड़ यात्रा के चलते इस कॉरिडोर पर कांवड़ियों के प्रवेश पर रोक है, फिर भी वाहन वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

सीओ बड़ौत अंशू जैन का कहना है कि सभी घायलों का उपचार कराया गया है। परिजनों को सूचना दी गयी ही। दिल्ली पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है इस कॉरिडोर पर कांवड़ियों को रोकने के लिए कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story