अभाविप के छात्र गर्जना में जुटेंगे हजारों युवा,अराजकता के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
अभाविप के छात्र गर्जना में जुटेंगे हजारों युवा,अराजकता के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन


लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लखनऊ में हुंकार भरेंगे हजारों छात्र

लखनऊ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। देश की संवैधानिक संस्थाओं पर अराजक हमले के विरूद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ओर से रविवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर 03 पर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन को छात्र गर्जना नाम दिया गया है। कार्यक्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के चारों प्रान्तों के 10 हजार से अधिक छात्र अराजकता के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होंगे।

प्रदर्शन का नेतृत्व अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र सोलंकी करेंगे। इसके अलावा प्रदर्शन में अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह, क्षेत्र संगठन मंत्री घनश्याम शाही व पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सभी प्रान्तों के प्रान्त संगठन मंत्री शामिल होंगे।

अभाविप अवध प्रान्त के प्रान्त संगठन मंत्री अभिलाष ने हिन्दुस्थान समाचार को शनिवार बताया कि प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य देश की संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हो रहे अराजक हमलों का विरोध करना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है।

प्रान्त संगठन मंत्री ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को अक्षुण्ण रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस 'छात्र गर्जना' के माध्यम से छात्र लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेंगे।

अवध प्रान्त के प्रान्त मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि इस प्रदर्शन में अवध प्रान्त के विभिन्न जिलों से पांच हजार छात्र शामिल होंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story