मंडुआडीह के रेड लाइट एरिया में पुलिस की छापेमारी, देह व्यापर में फंसी पश्चिम बंगाल की तीन युवतियों को कराया मुक्त
वाराणसी। मंडुआडीह क्षेत्र के शिवदासपुर के रेडलाइट एरिया में गुरुवार की शाम एसीपी कैंट के नेतृत्व में मंडुआडीह पुलिस और क्राइम ब्रांच ने प्रयागराज की एक संस्था की निशानदेही पर देह व्यापार के दलदल में फंसी तीन युवतियों को छापेमारी कर मुक्त कराया। देह व्यापार में संलिप्त कुछ महिलाओं को भी पुलिस ने छापेमारी में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज की संस्था फ्रीडम फर्म के पश्चिम बंगाल यूनिट के लोगों को जानकारी मिली कि पश्चिम बंगाल की तीन युवतियों से मंडुआडीह क्षेत्र के शिवदासपुर रेडलाइट एरिया में जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। संस्था के सदस्यों ने एसीपी कैंट से संपर्क किया।
गुरुवार को एसीपी कैंट रत्नेश्वर सिंह, थानाध्यक्ष मंडुआडीह राजीव कुमार सिंह व क्राइम टीम ने शिवदासपुर स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी किया और वहां से तीन युवतियों को मुक्त कराया। रेडलाइट एरिया में अचानक पुलिस को देख कर अफरातफरी मच गयी। इस दौरान देह व्यापार मे संलिप्त कई महिलाएं वहां से भाग निकली। पुलिस ने मौके से कुछ महिलाओं को गिरफ्तार भी किया है।

