शिवपुर विधानसभा से अरविन्द राजभर देंगे अनि‍ल राजभर को टक्‍कर, बोले ओमप्रकाश- मंत्री जी बचाएं अपनी ज़मानत 

WhatsApp Channel Join Now

रिपोर्ट : नोमेश कुलदीप 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी से गठबंधन कर उत्तर प्रदेश में भाजपा के सफाये के लिए चुनावी बिगुल बजाने वाले ओमप्रकाश राजभर गाज़ीपुर जनपद की जहूराबाद विधानसभा सीट से एक बारे फिर चुनाव लड़ेंगे। वो इस समय इसी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वही शिवपुर विधानसभा सीट पर उनके पुत्र और पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविन्द राजभर कैबिनेट मिनिस्टर अनिल राजभर को टक्कर देंगे। वाराणसी में प्रेस कांफ्रेंस कर सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने इसकी जानकारी दी है। ओम प्रकाश राजभर ने इस घोषणा के साथ ही कहा है कि‍ अब कैबि‍नेट मंत्री अनि‍ल राजभर अपनी जमानत बचा लें तो गनीमत होगी। 

ARVIND RAJBHAR

इन्‍हें मि‍ला टि‍कट 
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अर्कवंशी हरदोई की संडीला विधानसभा से, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज राजवंशी सीतापुर की मिश्रिक सीट से और महिला मंच की राष्ट्रीय महासचिव ललिता पासवान बहराइच की बलहां विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। ये सभी सुभासपा के सिम्बल पर चुनाव लड़ेंगे। 

अनिल राजभर बचाएं अपनी जामनत 
इस दौरान जब ओमप्रकाश राजभर से पूछा गया कि दो दिन पहले ही कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा था कि मुझे शक है कि ओमप्रकाश राजभर यहां से लड़ेंगे भी या नहीं, तो उन्होंने कहा कि दो दिन पहले मैंने एक वीडियो देखा था जिसमें जनता पूछ रही है कि पांच साल कहां थे। वो अपनी ज़मानत बचा लें यही बहुत बड़ी चीज़ है। सरकार बनाने और बिगाड़ने की हैसियत है हमारी। भाजपा के साथ गए तो सरकार बनाये और अब अखिलेश जी के साथ उनकी सरकार बनाएंगे। 

अमित शाह करते थे कमरे में बात, अखिलेश ने मंच से ललकारा 
वहीं जब पूछा गया कि अखिलेश अगर आप की बात नहीं माने, जैसे अमित शाह नहीं माने थे तब क्‍या करेंगे। इसपर बोलते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अमित शाह जी कमरे के अंदर बोलते थे पर जब मंच पर बोलना होता था तो नहीं बोलते थे। अखिलेश जी से सब बात तय हो गयी है। अखिलेश जी से कमरे में भी तय हुआ है और ये मंच पर भी ललकार रहे हैं। वहां देश बेचने वाले लोग बैठे हैं लेकिन यहाँ देश बचाने वाले लोग हैं। 

लोडर का मुकाबला लीडर से नहीं होता 
शिवपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की बात कहने के बाद बेटे को शिवपुर से खड़ा करने के सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने हंसते हुए कहा कि अब लोडर से लीडर का मुकाबला आप लोग करवाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी हमारे पार्टी के बाहर का नहीं है सब पार्टी के ही ज़मीनी कार्यकर्ता हैं। वहीं जातिगत जनगणना 6 महीने में नहीं होने पर क्या करेंगे के सवाल पर उन्होंने कहा कि 6 नहीं तीन महीने में ही काम शुरू हो जाएगा। 

भाजपा की विदाई तय है 
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अब भाजपा की विदाई तय है और इसपर जनता ने हमसे सवाल किया कि भाजपा की विदाई क्यों तो या जानना बेहद ज़रूरी है कि साल 2017 में मैंने भाजपा से समझौता किया जिसमे हमारी शर्तें थी प्रदेश में जातिवार जनगणना। इससे शिक्षा के लिए बजट मिलता, ब्लाक पर दवाएं मिलती लेकिन ये नहीं हुआ। दूसरा घरेलू बिजली का बिल माफ़, सबको एक सामान और फ्री शिक्षा, ग़रीबों का इलाज फ्री में, पुरानी पेंशन बहाली करने के नाम पर हम उनके साथ गए, लेकिन सरकार बनने के बाद भाजपा इन सब पर मुकर गयी, जिस वजह से हमने 8 महीने के अंदर भाजपा का साथ छोड़ दिया। 

6 महीने के अंदर शुरू होगी जातिगत जनगणना 
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि इसके बाद हमने तमाम साथियों के साथ एक मोर्चा बनाया जिसमे अखिलेश जी भी अब साथ है। हमनें तय किया है कि हम सरकार बनने के 6 महीने के अंदर जातिगत जनगणना करवाएंगे। मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही उसी दिन से 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे। एक सामान शिक्षा नीति लागू करेंगे। पुरानी पेंशन की बहाली करेंगे। योगी जी-मोदी जी के सांड से किसान को निजात दिलाएंगे। प्रदेश में अमन चैन भाई चारा पैदा करेंगे।

देखें वीडि‍यो

Share this story