बनारस घराने की 'सितारा देवी' पर बनेगी बायोपिक, 101वीं जयंती पर राज आनंद मूवीज ने की घोषणा, AR रहमान देंगे संगीत
वाराणसी। बनारस संगीत घराने की शान और इस घराने को कत्थक और ठुमरी में स्थापित करने वाली सितारा देवी की 101वीं जयंती मंगलवार को धूम से मनाई गयी, पर मुंबई की राज आनंद मूवीज़ की घोषणा ने लोगों में कौतूहल भर दिया। राज आनंद मूवीज़ ने सितारा देवी की बॉयोपिक बनाने का एलान किया है। इस घोषणा का कई सितारों ने ट्विटर पर स्वागत किया है।
इस फिल्म का निर्देशन सितारा देवी की बेटी जयंती माला मिश्रा करेंगी और फिल्म की स्क्रिप्ट भी उनके बेटे रंजीत बारूत तैयार कर रहे हैं। फिल्म का आधार वाराणसी घराने में उनके कथक की ली गई शिक्षा पर आधारित होगा। वहीं, सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इस फिल्म का म्यूजिक एआर रहमान दे सकते हैं।

काशी के संगीत घराने में अपनी अलग पहचान स्थापित करने वाली सितारा देवी की 101वीं जयंती पर हुए इस एलान के बाद से ही बनारस संगीत घराने में हर्ष का माहौल है। इस सम्बन्ध में सितारा देवी के पौत्र और कत्थक के कलाकार पंडित विशाल कृष्णा ने बताया कि फिल्म के लिए मुंबई में स्टारकास के लिए ऑडिशन शुरू हो गया। सितारा देवी का रोल कौन करेगा इसे लेकर भी मंथन शुरू हो गया है। जल्द ही एक्ट्रेस सहित स्टारकॉस्ट की घोषणा की जाएगी। इसके पहले म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान, सलीम मर्चेंट और फिल्म निर्देशक राकेश मेहरा ने ट्वीट करके यह जानकारी दी।
राकेश मेहरा ने लिखा कि 'एक आइकोनिक क्लासिकल डांसर, एक्टर, सिंगर की इस फिल्म को देखने का बेसब्री से इंतजार है। सितारा देवी पर बनने वाली इस फिल्म की स्क्रिप्ट का प्लॉट बनारस में ही तैयार होगा। इसमें बनारस घराने में कथक को जिंदा करने की कहानी होगी। वहीं लखनऊ घराने पर भी कुछ सीन होंगे।'
बता दें कि सितारा देवी के पिता सुखदेव महाराज बनारस के कबीरचौरा के रहने वाले थे। वह कलकत्ता चले गए, जहां पर 8 नवंबर, 1920 को सितारा देवी का जन्म हुआ। इसके बाद सितारा देवी वापस बनारस आ गईं। यहां आते ही उनका मन गीत-संगीत और नृत्य में रमने लगा। उनका 94 साल की आयु में 25 नवंबर 2014 को मुंबई में निधन हुआ था।

