हल्दापानी में दो दिन से पेयजल संकट, टैंकरों की आपूर्ति भी नाकाफी

WhatsApp Channel Join Now
हल्दापानी में दो दिन से पेयजल संकट, टैंकरों की आपूर्ति भी नाकाफी


गोपेश्वर, 06नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के नगर क्षेत्र के हल्दापानी में पिछले करीब दो दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। पानी की सप्लाई बंद होने से क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। जल संस्थान की ओर से टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था भी लोगों की जरूरतों के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है।

स्थानीय निवासी योगेंद्र सिंह बिष्ट, मुकुल बिष्ट, जयवीर सिंह के अनुसार, क्षेत्र में पिछले दो दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। इससे घरों में खाना बनाने, कपड़े धोने, साफ-सफाई और अन्य जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। विभाग की ओर से टैंकर भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था तो की गई है, लेकिन सीमित मात्रा में पानी मिलने के कारण सभी परिवारों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। टैंकर से पानी भरने के लिए भी लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि टैंकरों के भरोसे लंबे समय तक पेयजल व्यवस्था संचालित नहीं की जा सकती। विभाग को तत्काल आपूर्ति बाधित होने के कारणों का पता लगाकर स्थायी समाधान करना चाहिए। स्थानीय निवासियों ने जल संस्थान से पाइपलाइन के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही संकट दूर होने तक टैंकरों की संख्या और पानी की मात्रा बढ़ाने की मांग उठाई है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। उनका कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, जबकि विभाग को समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773259 Articles

Share this story