हरिद्वार में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई हनुमान जयंती

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई हनुमान जयंती


हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। तीर्थनगरी हरिद्वार में हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर शोभायात्रा का आयोजन भी किया गया।

हनुमान जंयती के अवसर पर कई मंदिरों में सुंदरकांड का पाठ और सामूहिक हनुमान चालीसा का आयोजन किया गया। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रातःकाल भगवान हनुमान को चोला चढ़ाकर उनका विशेष श्रृंगार किया गया।

कई श्रद्धालुओं ने सवामनी का प्रसाद भगवान को अर्पित किया। विभिन्न स्थानों पर हवन-यज्ञ और भंडारों का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दिनभर मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरे शहर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

धर्मनगरी के हनुमान गढ़ी कनखल चौक स्थित हनुमान मंदिर, दक्षेश्वर प्रांगण स्थित हनुमान मंदिर, गणेश घाट, हनुमान घाट, प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम व बालाजी धाम मंदिर मे विशेष आयोजन किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story