हरिद्वार में ई-रिक्शाओं पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 वाहन सीज

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में ई-रिक्शाओं पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 वाहन सीज


हरिद्वार, 12 मई (हि.स.)। यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग द्वारा ई-रिक्शा सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को शिव मूर्ति चौक से ललतारो पुल के बीच विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान परिवहन कर अधिकारी गोवर्धनपुर मुकेश भारती और चिड़ियापुर की परिवहन कर अधिकारी मनीषा शाह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने ई-रिक्शाओं के दस्तावेजों और सत्यापन अभिलेखों की गहन जांच की।

चेकिंग के दौरान ई-रिक्शाओं के पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस, चालक लाइसेंस और विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड स्टिकर की जांच की गई। जांच में अनियमित पाए गए 25 ई-रिक्शाओं को सीज कर दिया गया, जबकि संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।

अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों का समय पर सत्यापन कराएं और सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

विभाग ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story