स्वास्थ्य महानिदेशक ने बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
चमोली, 24 अप्रैल (हि.स.)।
चार धाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन मे स्वास्थ्य महकमे की महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महानिदेशक स्वास्थ्य उत्तराखंड डॉ सुमन आर्य ने जनपद चमोली के बद्रीनाथ धाम एवं यात्रा मार्ग में जनपद चमोली के अंतर्गत सभी चिकित्सा इकाईयों में स्थापित चिकित्सा स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग एवं धाम क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य इकाइयों, प्राथमिक उपचार केंद्रों, स्वास्थ्य जांच केन्द्रो, आपातकालीन सेवाओं तथा तैनात चिकित्सा कार्मिकों की जानकारी ली।
महानिदेशक ने चिकित्सालयों में उपलब्ध दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवन रक्षक उपकरणों एवं एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए, उन्होंने विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए आपातकालीन तैयारियों को मजबूत रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि चार धाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी चिकित्सीय दल सतर्क एवं तत्पर रहें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता,प्रमुख चिकित्सा अधिक्षक डॉ अनुराग धनिक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वैष्णव कृष्णा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपरुवाण सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

