स्वर्गाश्रम में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
स्वर्गाश्रम में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब


देहरादून, 15 अगस्त (हि.स.)। भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को यमकेश्वर क्षेत्र में पावन गंगा तट स्थित स्वर्गाश्रम में स्थानीय विधायक रेणु बिष्ट और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘तिरंगा यात्रा’ में सहभागिता की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोद के आह्वान पर देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर स्वर्गाश्रम में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण भी किया। सांसद बलूनी ने कहा कि पावन गंगा तट पर आसमान की ऊंचाइयों में शान से लहराता यह विराट तिरंगा देश की आन-बान-शान, राष्ट्रीय चेतना और करोड़ों भारतीयों की एकता का प्रतीक है।

बलूनी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संप्रभुता, गौरव और असंख्य बलिदानों की अमर पहचान है। आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देश का हर नागरिक राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और कर्तव्य की भावना को अभिव्यक्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में जिस प्रकार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जन-आंदोलन बन चुका है, वह एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत की भावना को और मजबूत करने वाला है। स्वर्गाश्रम में स्थापित यह 100 फीट ऊंचा तिरंगा आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा, एकता और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।

बलूनी ने कहा कि तिरंगे की शान को बनाए रखना केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व भी है। उन्होंने सभी देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को और मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story