स्वदेशी महोत्सव में प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, 13 नवंबर से रेंजर्स ग्राउंड में दस दिवसीय आयोजन
देहरादून, 12 नवंबर (हि.स.)। स्थानीय उत्पादों, उद्यमिता और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार से देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव शुरू होगा। 13 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार शाम पांच बजे महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी करेंगे।
स्मृति विकास संस्थान की ओर से आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय उद्यमियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और युवाओं को अपने उत्पाद एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प, लघु उद्योगों, स्टार्टअप और सरकारी विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल शामिल होंगे। फूड और गेमिंग स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आम जनता के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 से संस्था प्रतिवर्ष स्वदेशी मेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ छोटे उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव के संयोजक प्रवीण ममगाईं ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें कवि सम्मेलन, गढ़वाली संध्या और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां शामिल हैं। नृत्य, गायन और पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं के प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को उद्यमिता विद्यार्थी सम्मेलन, 17 नवंबर को किसान सम्मेलन, 18 नवंबर को महिला सम्मेलन और 19 नवंबर को कारीगरों एवं उद्यमियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इन कार्यक्रमों में संबंधित क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्था के सचिव आधार वर्मा के अनुसार, महोत्सव में स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों पर सेमिनार, कार्यशालाएं और कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने देहरादून और आसपास के क्षेत्र के लोगों, कलाकारों, युवाओं और उद्यमियों से महोत्सव में भागीदारी की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

