स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारियों की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारियों की बैठक


उत्तरकाशी, 20 सितंबर (हि.स.)।उत्तराखंड स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन, जनपद उत्तरकाशी की बैठक रविवार को नगर पालिका परिषद बड़कोट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकार से मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।

बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने मांग की कि शासनादेश के अनुरूप स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर शिक्षण संस्थानों, सड़कों और चिकित्सालयों का नामकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से प्रावधान होने के बावजूद कई स्थानों पर अभी तक इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पाया है।

बैठक में तिलाड़ी शहीद स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संगठन ने कहा कि तिलाड़ी कांड से जुड़ा यह स्थल ऐतिहासिक और भावनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके संरक्षण एवं विकास के लिए ठोस पहल की जानी चाहिए।

संगठन ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों को दिए जा रहे दो प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को बढ़ाकर उत्तर प्रदेश की तर्ज पर 5 प्रतिशत किए जाने की मांग की। इसके अलावा सम्मान कुटुंब पेंशन के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों को दी जाने वाली धनराशि में भी बढ़ोतरी की मांग रखी गई।

बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और योगदान को सम्मान देने के साथ उनके उत्तराधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

इस दौरान संगठन के राजेन्द्र सिंह रावत, चिरंजी लाल राही, विजय सिंह रावत, सरत सिंह रावत, राजेंद्र सेमवाल, जनक सिंह राणा, अतोल सिंह भंडारी, पूरण सिंह रावत, संजय नौटियाल, सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story