स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़े लंबित कार्यों में लाएं तेजीः डीएम

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़े लंबित कार्यों में लाएं तेजीः डीएम


गोपेश्वर, 05 अगस्त (हि.स.)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई के करने को कहा।

डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और उनके योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर स्थापित स्मारकों, शिलापट्टों, सड़कों, चैराहों एवं अन्य परिसंपत्तियों से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने तथा विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में गोपेश्वर में प्रस्तावित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय (म्यूजियम) के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर सड़कों, विद्यालयों एवं अन्य सरकारी परिसंपत्तियों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप में तैयार कर सक्षम समिति को भेजने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी सरकारी चिकित्सालयों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा आवश्यकता अनुसार हेल्प डेस्क स्थापित करने को भी कहा। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज नंदप्रयाग का नाम गढ़केशरी अनुसूया प्रसाद बहुगुणा के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को अग्रसारित करने तथा विद्यालय को क्लस्टर विद्यालय में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस दौरान वर्ष 1942 के कर्णप्रयाग कांड की स्मृति में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित पुस्तक आजादी के गुमनाम नायक के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष गोविंद सिंह तोपाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story