स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के 154 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के 154 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित


देहरादून, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, विशिष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड पुलिस के 154 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से चयनित पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड, प्रशस्ति डिस्क सिल्वर और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सम्मानित होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विशिष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने से अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जवान इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और विभाग के हित में उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार सेवा के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर के लिए 25 पुलिसकर्मियों और सेवा के आधार पर प्रशस्ति डिस्क गोल्ड के लिए 12 पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है। वहीं, विशिष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से 89 और प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से 12 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र के लिए 16 पुलिसकर्मियों का चयन हुआ है।

सम्मानित होने वालों में पुलिस मुख्यालय, जिलों, एसटीएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, अग्निशमन एवं आपात सेवा, यातायात, अभिसूचना, साइबर क्राइम, मुख्यमंत्री सुरक्षा और लोकभवन सुरक्षा सहित विभिन्न इकाइयों में तैनात अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। विशिष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति डिस्क गोल्ड पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा विम्मी सचदेवा रमन, पुलिस महानिरीक्षक जीआरपी व निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वीके, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती और पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय समेत 12 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

सेवा के आधार पर प्रशस्ति डिस्क गोल्ड पाने वालों में हरिद्वार के पुलिस उपाधीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी और संजय चौहान, पुलिस मुख्यालय के निरीक्षक दिनेश प्रसाद थपलियाल, बागेश्वर के निरीक्षक सलाउद्दीन तथा हरिद्वार के निरीक्षक गोविन्द कुमार समेत 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर के लिए चयनित 89 पुलिसकर्मियों में एसटीएफ, साइबर क्राइम, एसडीआरएफ, अभिसूचना, मुख्यमंत्री सुरक्षा, न्यायालय पैरवी, यातायात और विभिन्न जिलों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story