स्कूल पूर्व शिक्षा के अंतर्गत बच्चों के साथ की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल पूर्व शिक्षा के अंतर्गत बच्चों के साथ की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी


स्कूल पूर्व शिक्षा के अंतर्गत बच्चों के साथ की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी


नई टिहरी, 01 सितंबर (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के चंबा परियोजना कार्यालय में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सेमिनार आयोजित किया गया। जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्कूल पूर्व शिक्षा के अंतर्गत बच्चों के साथ की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई। मंगलवार को सेमिनार में चर्चा की गई कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को किस प्रकार खेल-खेल में पढ़ने-लिखने व सीखने के लिए प्रेरित किया जाए।

कविताओं के माध्यम से बच्चों में भाषा विकास, संवाद एवं बातचीत, खेल के माध्यम से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास, विभिन्न गतिविधियों से सीखने की प्रक्रिया जैसे विषयों पर चर्चा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने आंगनबाड़ी केंद्रों के उद्देश्यों एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। बाल विकास परियोजना अधिकारी ममता लेखक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है।

उन्हें अपने कार्यों को और बेहतर ढंग से करने की प्रेरणा मिलती है। वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक बिष्ट रश्मि ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विभाग की नींव बताया। प्रतिभागियों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली एवं हिंसा से पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। इस मौके पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की मंजू रावत, मुनाजिर हुसैन, मिशन शक्ति के रमेश डंगवाल, नवीन, कीर्ति कुमारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story