सैंजी गांव में बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों ने रखी समस्याएं
पौड़ी गढ़वाल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार के तहत विकासखंड पाबौ की न्याय पंचायत सैंजी में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 36 शिकायतें दर्ज हुई, इसके अलावा 96 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित किया।
तहसीलदार दीवान सिंह राणा ने कहा कि शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई को कहा। कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर नोडल अधिकारी शिविर एवं अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद जोशी, पशुधन प्रसार अधिकारी प्रियंका गड़िया, पूर्ति निरीक्षक हमेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी प्रवेश डोभाल आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

