सेवानिवृत्त पेंशनर्स संगठन ने की मॉल रोड को ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया जाए

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्त पेंशनर्स संगठन ने की मॉल रोड को ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया जाए


नैनीताल, 04 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल नगर में इन दिनों जिला प्रशासन द्वारा माल रोड को ‘नो हॉकिंग जोन’ यानी हॉर्न रहित क्षेत्र घोषित करने का निर्णय चर्चा में है, हालांकि इसका अधिक प्रभाव नजर नहीं आ रहा है।

प्रतिबंध के बावजूद निजी वाहनों के साथ कुछ सरकारी वाहन भी माल रोड पर हॉर्न बजाते कैमरे में रिकॉर्ड हुए हैं, साथ ही स्थानीय विधायक ने जिलाधिकारी से इस आदेश की समीक्षा करने की मांग की है।

वहीं अब सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स कल्याण एसोसिएशन ने संगठन की बैठक में ‘नो हॉकिंग जोन’ की जगह माल रोड के साथ ही चीना बाबा चौराहे तक के क्षेत्र को विशेषकर विद्यालयों की शुरुआत और छुट्टी के दौरान और शाम के समय ‘नो ह्वीकल जोन’ यानी वाहन रहित क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। संगठन ने इसके साथ ही सावन माह में फलदार एवं औषधीय वृक्ष लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया है।

संगठन के महामंत्री बहादुर सिंह बिष्ट ने कहा कि मॉल रोड पर बढ़ते यातायात को देखते हुए केवल नो हॉर्न जोन बनाना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर हित में मॉल रोड से लेकर चीना बाबा चौराहे तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाया जाना अधिक आवश्यक है। यहां अत्यधिक संख्या में एवं असुरक्षित तरीके से तेज एवं स्टंट करते हुए चलते वाहनों के कारण विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिये पैदल चलना जीवन को खतरे में डालने जैसा हो गया है।

बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया और नयी कार्यकारिणी का स्वागत भी किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंजू बिष्ट ने की।

इस अवसर पर निर्मल पांडे, चंद्रकांता खोलिया, दीपा बिष्ट, नीता व्यास, दिनेश पांडे, घनश्याम बिष्ट, सुनील साह, पुष्कर बिष्ट, पीके साह, त्रिलोक रौतेला, विनीता बिष्ट, रेखा त्रिवेदी, मुन्नी थापा, लक्ष्मण नेगी, गिरीश जोशी, देवेंद्र प्रकाश, धीरेन सिंह, केसी उपाध्याय, खुशाल कार्की, बीएस नेगी व दीपक साह सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story