सेवा संकल्प शिविर में दर्ज हुईं समस्याएं, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प शिविर में दर्ज हुईं समस्याएं, अधिकांश का मौके पर निस्तारण


पौड़ी गढ़वाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के विकासखंड खिर्सू के राजकीय इंटर कॉलेज कठुली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), जल संस्थान और वन विभाग से संबंधित शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 70 ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ज्येष्ठ उप प्रमुख नितिन रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मकसद सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

खंड विकास अधिकारी रोशन लाल ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज कठुली के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद आर्य, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मेंदोली, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कुंदन सिंह पुंडीर आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story