सेवा संकल्प अभियान में आयोजित शिविर में दर्ज हुई 23 शिकायतें
नई टिहरी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतापनगर ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव में आयोजित शिविर का जड़ी-बूटी सलाहकार समिति की उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने शुभारंभ किया। शिविर में कुल 23 शिकायतें दर्ज हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करें।
रविवार को लंबगांव में आयोजित शिविर में दायित्वधारी सोना सजवाण ने कहा केंद्र और राज्य सरकार जनहित में कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को दिलाएं। समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने तहसील प्रशासन को दैवी आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए। एसडीएम मंजू राजपूत ने लोगों की समस्याएं सुनी।
क्षेत्रवासियों ने प्रतापनगर में सहायक समाज कल्याण अधिकारी की स्थायी नियुक्ति की मांग उठाई। ग्राम प्रधान आरती देवी ने स्यालगी बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण कराने, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार ने लंबगांव में बंदरों और जाम की समस्या से निजात दिलाने, सोहन रांगड ने सीएचसी चौंड में मॉर्चरी बनवाने की मांग रखी।
वहीं दैवी आपदा से हुए नुकसान, सड़क निर्माण, बिजली और पेयजल की समस्याएं भी उठाई गई। नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने कहा कि लंबगांव के लिए जलकुर गाड से पेयजल पंपिंग योजना स्वीकृत हो चुकी है। बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं को महालक्ष्मी किट, आपदा प्रभावितों को सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

