सेना-प्रशासन के बीच समन्वय को लेकर बैठक
पिथौरागढ़, 29 अगस्त (हि.स.)। भारतीय सेना के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, 119 बटालियन के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी आशीष भटगांई से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जिले में जिला प्रशासन एवं भारतीय सेना के मध्य आपसी समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सीमांत जनपद की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क एवं संचार व्यवस्था, मोबाइल कनेक्टिविटी तथा अन्य सामरिक महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने सीमांत क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं के विकास एवं विभिन्न विषयों के प्रभावी समाधान के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में प्रशासन एवं सेना के बीच बेहतर तालमेल अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभिन्न आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों में आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

