सिडकुल क्षेत्र में महिला के कुंडल छीनने वाला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिडकुल क्षेत्र में महिला के कुंडल छीनने वाला गिरफ्तार


हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। सिडकुल क्षेत्र में महिला के कान के सोने के कुंडल छीनने की घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और छीने गए कुंडल भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 27 मार्च को रोशनाबाद निवासी एक महिला ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उसके सोने के कुंडल छीन लिए। मामले में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए सिडकुल पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन अध्ययन करते हुए लगातार सुरागरसी की। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नसीम मलिक पुत्र मुंशरीफ उर्फ निन्हा (32 वर्ष) निवासी ग्राम गोविन्दपुर दादूपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, महिला के सोने के कुंडल बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी दो शादियां हैं, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story