सरकार के 4 साल के कार्यकाल पूरे होने पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 21 मार्च (हि.स.)। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 23से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम आधारित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने विकास भवन में बैठक ली।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करें, ताकि कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है। कहा जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, इसके अलावा सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने विकास खंड कार्यालयों में भी कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रमों के अंतर्गत जनपद में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों हेतु कैम्प एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story