सप्ताहांत पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू, कैंची धाम मार्ग पर दोपहिया टैक्सी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now
सप्ताहांत पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू, कैंची धाम मार्ग पर दोपहिया टैक्सी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध


नैनीताल, 29 मई (हि.स.)। सप्ताहांत पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 30 एवं 31 मई के लिए हल्द्वानी-काठगोदाम, कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन योजना लागू की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में तैयार इस योजना के तहत प्रातः 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को जनपद सीमा पर रोका जाएगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार एवं खेड़ा चौकी क्षेत्र में रोका जाएगा।

बरेली, रुद्रपुर, पंतनगर, रामनगर एवं बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले पर्यटक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किये गये हैं। 30 एवं 31 मई को अपराह्न 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक भवाली एवं नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को रूसी बाईपास एवं मंगोली-कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

कैंची धाम में यातायात दबाव कम करने के लिए भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग तथा नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा। सप्ताहांत के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में दोपहिया टैक्सी वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

इसके अतिरिक्त अल्मोड़ा एवं रानीखेत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने पर्यटकों एवं वाहन चालकों से यातायात योजना का पालन करने की अपील की है, जिससे जाम की समस्या से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story