सप्तऋषि में सीवर का दूषित पानी बना मुसीबत, कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सप्तऋषि में सीवर का दूषित पानी बना मुसीबत, कांग्रेस का प्रदर्शन


हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। वार्ड नंबर-1 के सप्तऋषि क्षेत्र में गंगा माता नेत्र अस्पताल से तिराहे तक सड़क पर बह रहे सीवर के दूषित पानी और अधूरे पड़े नाला निर्माण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि सप्तऋषि क्षेत्र में लंबे समय से सीवर का दूषित पानी सड़क पर बह रहा है। उन्होंने कहा कि इससे संक्रमण का खतरा बना हुआ है और धर्मनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच शहर की खराब छवि बन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाले का निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और पूरा गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।

कार्यक्रम संयोजक सन्नी मल्होत्रा और मुरली मनोहर ने कहा कि क्षेत्र की जनता को गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेयर से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के होने के बावजूद क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। रोजाना हजारों श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन उन्हें सीवर के दूषित पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बदहाल व्यवस्था का असर स्थानीय व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। दुकानों के आसपास पूरे दिन दुर्गंध रहने से व्यापारी परेशान हैं और ग्राहक भी दुकानों तक आने से कतरा रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अधूरे नाला निर्माण को तत्काल पूरा कराने, सीवर के पानी की निकासी की व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

प्रदर्शन में पार्षद सुनील कुमार, रवि बाबू शर्मा, वेदांत उपाध्याय, रणवीर शर्मा, मनोज सैनी, अनंत पांडे, विकास चंद्रा, मनोज कुमार, मुलायम सिंह, हरेराम, करण राणा, रामबाबू शर्मा, हरद्वारी लाल, सतपाल, अजय दास महाराज आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story