संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ जनपद में मनाया गया संविधान दिवस

WhatsApp Channel Join Now
संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ जनपद में मनाया गया संविधान दिवस


चमोली, 26 नवंबर (हि.स.)।भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर जनपद चमोली के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का सामूहिक पाठ कर संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की तथा इसके मूल सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्यव्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।

कलेक्ट्रेट परिसर चमोली में विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आनंद सिंह ने कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराते हुए शपथ दिलाई। इस दौरान सभी कार्मिकों ने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उनके अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, बाल विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा लघु सिंचाई विभाग सहित जनपद के विभिन्न विभागीय कार्यालयों में भी संविधान दिवस के उपलक्ष्य में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। सभी ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा देश के समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया।

वहीं, जनपद के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण एवं उसके ऐतिहासिक महत्व, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल सिद्धांतों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को संविधान में निहित आदर्शों को आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल भाव को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। साथ ही सभी नागरिकों से संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने तथा देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story