संत शिरोमणि रविदास जयंती वर्ष पर कलश पूजन व स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य मे तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
संत शिरोमणि रविदास जयंती वर्ष पर कलश पूजन व स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य मे तिरंगा यात्रा


ज्योतिर्मठ, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल ज्योर्तिमठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को श्री नृसिंह मंदिर प्रांगण मठागण में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष कार्यक्रम के तहत भव्य कलश यात्रा व कलश पूजन का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर संत रविदास के संदेश सामाजिक समरसता, समानता एवं मानव कल्याण को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कलश यात्रा व कलश पूजन के उपरांत स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना के साथ नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के जयघोष के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रमों में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अमित सती, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष विजिया रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष रोहणी रावत, ओबीसी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कपरुवाण, नगर मंडल उपाध्यक्ष अनिल सकलानी, सुखदेव महिपाल, मंडल महामंत्री समीर डिमरी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुभाष डिमरी, सभासद प्रदीप पंवार, शौरभ राणा एवं प्रवेश डिमरी,सुषमा डिमरी, रंजना शर्मा, आशा सती, मनीषा सती, अनीता पंवार, शांता भट्ट, लता भुजवान, रमा पाण्डेय एवं इंदु डिमरी, प्रदीप नौटियाल, रमेश डिमरी श्रीराम, हर्षवर्धन भट्ट, गौरव नंबूरी, पूर्व नगर अध्यक्ष मुकेश डिमरी, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अमित सती ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की शिक्षाएं समाज में समरसता, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गुरुवार को युवा मोर्चा नगर मंडल की टीम द्वारा संपूर्ण नगर में घर घर तिरंगा वितरण के साथ भव्य बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Share this story